बहराइच, दो अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में बुधवार रात आभूषण की एक दुकान पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई व अनमोल बिश्नोई के नाम से धमकी भरा पत्र और कारतूस फेंककर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस घटना से व्यापारी वर्ग में आक्रोश व डर का माहौल व्याप्त है।
व्यापारियों ने कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रद्युम्न सिंह ने बताया कि मोतीपुर थाना क्षेत्र के मिहींपुरवा कस्बे में चंद्र मोहन सोनी की ‘जगदीश ज्वेलर्स’ नाम की आभूषण की दुकान पर बुधवार रात एक अज्ञात व्यक्ति ने हाथ से लिखा पत्र और कारतूस फेंककर धमकी दी।
पुलिस के अनुसार, पत्र की भाषा टूटी-फूटी और लिखावट खराब थी।
पत्र में ‘लॉरेंस की चेतावनी’, ‘जय भवानी’, ‘जय श्री राम’, ‘लॉरेंस भाई जिंदाबाद’, ‘बिश्नोई समाज जिंदाबाद’ जैसे शब्द लिखे थे।
पत्र में दो अप्रैल की रात तक पांच लाख रुपये देने और पुलिस को खबर करने पर जान से मारने की धमकी दी गयी। पीड़ित व्यापारी चंद्र मोहन सोनी ने बताया कि पत्र मिलने के बाद अज्ञात नंबरों से कई बार जान से मारने की धमकी दी गई।
व्यापारी वर्ग ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
सर्राफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुमित खन्ना ने कहा कि पुलिस को साइबर प्रकोष्ठ की मदद से दोषियों को पकड़ना चाहिए।
पुलिस ने मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाषा सं सलीम जितेंद्र
जितेंद्र