भुवनेश्वर, 26 मार्च (भाषा) ओडिशा में सतर्कता विभाग ने सिंचाई विभाग के एक अभियंता के पास एक इमारत, पांच भूखंड, एक करोड़ रुपये से अधिक की नकदी और जमा राशि के साथ दो भारी मशीनरी वाहन होने का खुलासा किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
विभाग ने एक बयान में कहा कि अभियंता पंचू बेहरा के पास उनकी आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति होने की सूचना मिलने पर सतर्कता अधिकारियों ने पांच स्थानों और उनके कार्यालय पर छापेमारी की।
बेहरा गंजाम जिले के भंजनगर सिंचाई मंडल में अनुमंडल अधिकारी के पद पर तैनात हैं। छापेमारी के दौरान उनके पास ब्रह्मपुर में एक तीन मंजिला इमारत, पांच भूखंड, 18.90 लाख रुपये नकद और बैंक तथा अन्य वित्तीय संस्थानों में 90 लाख रुपये की जमा राशि होने का पता चला।
इसके अलावा, तलाशी अभियान के दौरान 568 ग्राम सोना, 57 लाख रुपये की एक मिक्सिंग मशीन, 37 लाख रुपये की एक खुदाई मशीन, एक कार और 85 लाख रुपये के घरेलू सामान बरामद किए गए।
एक सतर्कता अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में जांच जारी है।
भाषा संतोष रंजन
रंजन