विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने किया विवाह, तस्वीरें सोशल मीडिया पर की साझा

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने किया विवाह, तस्वीरें सोशल मीडिया पर की साझा

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने किया विवाह, तस्वीरें सोशल मीडिया पर की साझा
Modified Date: February 26, 2026 / 09:15 pm IST
Published Date: February 26, 2026 9:15 pm IST

उदयपुर, 26 फरवरी (भाषा) अभिनेता विजय देवरकोंडा और अभिनेत्री रश्मिका मंदाना उदयपुर के बाहरी इलाके में स्थित एक होटल में बृहस्पतिवार को विवाह बंधन में बंध गए।

इस विवाह समारोह में उनके परिवार के सदस्य और करीबी मित्र शामिल हुए। विवाह के बाद दोनों ने अपने विवाह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं।

इस दौरान मंदाना ने लाल साड़ी और पारंपरिक स्वर्ण आभूषण पहने, जबकि देवरकोंडा ने सफेद धोती और लाल शॉल पहनी।

विजय ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘‘मैंने उसे कुछ यूं याद किया कि लगा-अगर वह आसपास होती तो मेरा दिन बेहतर होता। लगा-अगर वह मेरे सामने बैठी होती तो मेरा भोजन करना सुकूनभरा लगता। लगा-अगर वह मेरे साथ ‘वर्कआउट’ कर रही होती तो वह ज्यादा मजेदार होता।… इसलिए मैंने अपनी सबसे अच्छी दोस्त को अपनी पत्नी बना लिया।’’

रश्मिका ने ‘कैप्शन’ दिया, ‘अब आपका ‘मेरे पति’ से परिचय कराती हू।’’

उन्होंने विजय को संबोधित करते हुए ‘डियर कॉमरेड’ लिखा और कहा, ‘‘विजय देवरकोंडा!! वह इंसान जिसने मुझे सिखाया कि सच्चा प्यार कैसा महसूस होता है… मैं आपकी पत्नी बनने के लिए अत्यंत उत्साहित हूं! अब पार्टी का समय है!! चलो साथ मिलकर सबसे शानदार जिंदगी जीते हैं! मैं आपसे प्यार करती हूं।’’

विवाह समारोह दोनों पक्षों की परंपराओं के अनुसार हुआ। जोड़े ने बाहर मौजूद मीडिया को मिठाइयां भी भेजीं। यह तीन दिवसीय प्री-वेडिंग उत्सव का समापन था।

देवरकोंडा (36) और 29 वर्षीय मंदाना सोमवार को अपने परिवार और करीबी मेहमानों के साथ उदयपुर पहुंचे। पूरे आयोजन स्थल पर निजी बाउंसर और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

देवरकोंडा और मंदाना ने तेलुगु फिल्मों ‘गीता गोविंदम’ और ‘डियर कॉमरेड’ में साथ काम किया था।

देवरकोंडा को ‘अर्जुन रेड्डी’ में उनके किरदार से पहचान मिली, जबकि मंदाना ने ‘पुष्पा द राइज’ और ‘एनिमल’ में अपने अभिनय से लोकप्रियता हासिल की।

भाषा बाकोलिया सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में