विजय ने गुटखा तस्करी की कोशिश नाकाम करने वाले पुलिसकर्मी को सम्मानित किया

Ads

विजय ने गुटखा तस्करी की कोशिश नाकाम करने वाले पुलिसकर्मी को सम्मानित किया

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 08:45 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 08:45 PM IST

चेन्नई, 29 सितंबर (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने गुटखा तस्करी की कोशिश नाकाम करते समय बहादुरी दिखाने वाले कोयंबटूर के कोविलपालयम थाने के हेड कांस्टेबल एम वेलमुरुगन को मंगलवार को सम्मानित किया।

एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि वेलमुरुगन करीब 40 किलोमीटर तक गुटखा तस्करों के एसयूवी वाहन की छत से चिपके रहे ताकि वे भाग न सकें। इस दौरान पुलिस की एक टीम ने वाहन का पीछा किया और आखिरकार तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

मुख्यमंत्री ने वेलमुरुगन को यहां सचिवालय में बुलाया और उनके साहस, तुरंत निर्णय लेने की क्षमता और कर्तव्य के प्रति समर्पण की सराहना की।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि कोयंबटूर के कोविलपालयम थाने में तैनात वेलमुरुगन घटना के समय ड्यूटी पर थे, तभी गुटखा तस्करी की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने कणियूर टोल गेट के पास कर्नाटक पंजीकरण वाले एक वाहन को रोका।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि वाहन में सवार तीनों आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को कथित तौर पर धक्का देकर हटाया और राजमार्ग पर तेज गति से वाहन चलाने लगे। वेलमुरुगन बिना समय गंवाए वाहन की छत पर चढ़ गए और छत की रेलिंग को पकड़ लिया।

बताया गया कि एसयूवी चालक ने वाहन की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक कर दी और करीब 40 किलोमीटर तक गाड़ी चलाता रहा, जबकि वेलमुरुगन छत से चिपके रहे।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि पीछा कर रही पुलिस टीम ने आखिरकार तिरुप्पुर जिले के अविनाशी के पास वाहन को रोककर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। सभी वाहन सवार राजस्थान के रहने वाले हैं।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि पुलिस ने 170 किलोग्राम से अधिक प्रतिबंधित गुटखा और वाहन को जब्त कर लिया।

वेलमुरुगन को सम्मानित करने के बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें ड्यूटी के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक महेश कुमार अग्रवाल भी मौजूद थे।

भाषा जोहेब अमित

अमित