हुबली (कर्नाटक), 19 सितंबर (भाषा) भाजपा की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने शनिवार को यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और राज्य में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों, जिसमें ‘बल्लारी चलो’ अभियान भी शामिल है, पर चर्चा की।
विजयेन्द्र ने बताया कि यह बैठक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान हुई है।
बैठक के दौरान, विजयेंद्र ने शाह को ‘बल्लारी चलो’ पदयात्रा की जानकारी प्रदान की। यह पदयात्रा कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के कथित भ्रष्टाचार और “जन-विरोधी नीतियों” के विरोध में आयोजित की गई।
उन्होंने कहा कि शाह को पदयात्रा के दौरान भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता से मिले समर्थन के बारे में जानकारी दी गई और उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ पार्टी के अभियान को तेज करने और लोगों के सामने सरकार की कथित नाकामियों को उजागर करने के लिए मार्गदर्शन मांगा।
विजयेंद्र के अनुसार, शाह ने कर्नाटक में भाजपा के ‘बल्लारी चलो’ कार्यक्रम और अन्य संगठनात्मक गतिविधियों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि पार्टी 2028 के विधानसभा चुनावों में कर्नाटक में भाजपा को फिर से सत्ता में लाने के मकसद से अपने संगठनात्मक प्रयासों और जन-जागरूकता कार्यक्रमों को जारी रखेगी।
शाह को शनिवार को यहां एक कार्यक्रम में शामिल होना था, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से वे ऐसा नहीं कर सके।
भाषा प्रशांत पवनेश
पवनेश