छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में जंगली हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में जंगली हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में जंगली हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत
Modified Date: April 3, 2026 / 06:23 pm IST
Published Date: April 3, 2026 6:23 pm IST

गौरेला, तीन अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। वन विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि जिले के मरवाही वन मंडल के अंतर्गत डडिंया गांव के जंगल में जंगली हाथी के हमले में त्रिलोचन सिंह (55) की मौत हो गई।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि त्रिलोचन शुक्रवार सुबह लगभग चार बजे महुआ का फूल एकत्र करने जंगल गया था तभी जंगली हाथी ने उसपर हमला कर दिया और कुचलकर मार डाला।

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

अधिकारियों ने बताया कि हमलावर हाथी अब भी घटनास्थल के करीब है जिससे आसपास के ग्रामीण डरे हुए हैं।

उन्होंने बताया कि यह नर दंतैल हाथी पिछले कुछ दिनों से छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की सीमाओं में विचरण कर रहा था।

जानकारी मिली है कि हाथी एक अप्रैल को कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल से मरवाही पहुंचा था।

अधिकारियों ने बताया कि मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की कार्यवाही की जा रही है। ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से मना किया गया है।

भाषा सं संजीव

संतोष

संतोष


लेखक के बारे में