चंडीगढ़, 17 जुलाई (भाषा) कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा ने शुक्रवार को कहा कि सोनम वांगचुक का 19 दिन का अनशन परीक्षा प्रश्नपत्र लीक, परीक्षा व्यवस्था की कमियों और जिम्मेदारी तय न होने को लेकर लाखों छात्रों व युवाओं की चिंताओं का प्रतीक है।
सिरसा से कांग्रेस सांसद सैलजा ने एक बयान में कहा कि बार-बार पेपर लीक होने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण छात्रों का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कमजोर हुआ है।
उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि वह निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करे, क्योंकि युवाओं का विश्वास किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी लगातार छात्रों के मुद्दे उठा रहे हैं और शिक्षा मंत्रालय से जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले कई हफ्तों से छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है और जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार नहीं किए जाते, तब तक अपना अभियान जारी रखेगी।
सैलजा ने वांगचुक से अपील की कि वह अपनी सेहत को ध्यान में रखते हुए अनशन समाप्त कर दें। साथ ही उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस छात्रों के हितों की रक्षा और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि वांगचुक का 19 दिन का अनशन परीक्षा प्रश्नपत्र लीक, परीक्षा व्यवस्था की कमियों और जिम्मेदारी तय न होने को लेकर लाखों छात्रों व युवाओं की चिंताओं का प्रतीक है।
भाषा जोहेब वैभव
वैभव