पंजाब में हेरोइन व हथियारों की तस्करी का वांछित आरोपी गुजरात से गिरफ्तार

पंजाब में हेरोइन व हथियारों की तस्करी का वांछित आरोपी गुजरात से गिरफ्तार

पंजाब में हेरोइन व हथियारों की तस्करी का वांछित आरोपी गुजरात से गिरफ्तार
Modified Date: February 26, 2026 / 09:28 pm IST
Published Date: February 26, 2026 9:28 pm IST

अहमदाबाद, 26 फरवरी (भाषा) गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने पंजाब में हेरोइन, हथगोलों और पिस्तौलों की सीमा पार तस्करी से जुड़े एक मामले में वांछित व्यक्ति को यहां गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

एटीएस ने बताया कि आरोपी की पहचान रहमत अली शेख के रूप में हुई है, जो पंजाब के अमृतसर का निवासी है।

एटीएस ने एक विज्ञप्ति में बताया कि आरोपी इस साल जनवरी में पंजाब-पाकिस्तान सीमा से हेरोइन, हथगोले और पिस्तौल की खेप की तस्करी तथा उन्हें पंजाब में ही अन्य लोगों तक पहुंचाने से संबंधित एक मामले में वांछित था।

एजेंसी के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ अमृतसर जिले के राजसांसी थाने में 29 जनवरी को स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की धारा 21 और 25 के साथ-साथ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा तीन, चार और पांच के तहत मामला दर्ज किया गया था।

एटीएस के मुताबिक, इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 42.9 किलोग्राम हेरोइन, चार हथगोले, एक स्टार-मार्क पिस्तौल और 46 कारतूस जब्त किए गए।

एजेंसी ने बताया कि शेख हालांकि फरार हो गया था, पहले वह नेपाल और फिर बिहार गया, जिसके बाद वह गुजरात पहुंचा, जहां उसने एक कढ़ाई कारखाने में काम करना शुरू कर दिया।

विज्ञप्ति में बताया गया कि एटीएस के अधिकारियों ने आरोपी को अहमदाबाद के रखियाल स्थित एक कढ़ाई कारखाने से पकड़ा।

प्रारंभिक पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी एक बड़े मादक पदार्थ और हथगोले-पिस्तौल तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है।

विज्ञप्ति में यह बताया गया कि गुजरात एटीएस ने उसकी गिरफ्तारी की जानकारी पंजाब पुलिस के साथ साझा की और उसे सौंपने के लिए आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में