नोएडा, 25 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान लुक्सर गांव के निवासी मोनू के रूप में हुई है। वह मंगलवार को लुक्सर गांव में ही 27 वर्षीय नितिन की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या में कथित तौर पर शामिल था। पुलिस का कहना है कि यह हत्या पुरानी रंजिश के कारण की गई थी।
अपर पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) सुधीर कुमार ने बताया कि हत्या के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थीं। पुलिस को मंगलवार शाम यह सूचना मिली कि आरोपी पुआरी गांव में मौजूद है।
उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की जिसके बाद आरोपी ने भागने की कोशिश में पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की जिससे आरोपी मोनू घायल हो गया और उसे पकड़ लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्तौल और .315 के दो कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भाषा प्रचेता मनीषा
मनीषा