डकैती के मामले में वांछित अपराधी दिल्ली के बदरपुर में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
डकैती के मामले में वांछित अपराधी दिल्ली के बदरपुर में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 26 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने हाल ही में हुई डकैती के एक मामले में वांछित 23 वर्षीय अपराधी को बदरपुर इलाके में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि हिमांशु नामक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान दाहिने पैर में गोली लगी और उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, हिमांशु इस हफ्ते की शुरुआत में पुल प्रह्लादपुर थाने में दर्ज डकैती के एक मामले में वांछित था, जिसमें पिज्जा डिलीवरी का काम करने वाले व्यक्ति से नकदी लूट ली गई थी। उसके साथी कौशल को इस मामले में 24 अक्टूबर को ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
पुलिस ने एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, दो कारतूस और चार खोखे बरामद किए।
अधिकारी ने बताया, ‘‘ एक गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम को जानकारी मिली कि हिमांशु शनिवार रात को एक और डकैती करने के मकसद से बदरपुर पार्क के पास आएगा। आधी रात के आसपास जाल बिछाया गया, मुखबिर द्वारा बताए गए विवरण से मेल खाता एक व्यक्ति पार्क की ओर आता हुआ देखा गया’’
जब टीम ने उसे रुकने के लिए कहा, तो उसने भागने की कोशिश की और पुलिस दल पर गोलियां चला दीं। उन्होंने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में दो गोलियां चलाईं, जिनमें से एक हिमांशु के दाहिने पैर में लगी।
आरोपी को तुरंत पकड़कर उसका हथियार छीन लिया गया और उसे सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। बदरपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान, हिमांशु ने 22 अक्टूबर को पुल प्रह्लादपुर स्थित राधा कृष्ण मंदिर के पास हुई हथियारबंद डकैती में अपनी संलिप्तता कबूल की। उसने और कौशल ने वहां बंदूक के बल पर एक डिलीवरी का काम करने वाले व्यक्ति को लूटा था। डकैती का एक वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ था, जिससे जांचकर्ताओं को आरोपियों की पहचान करने में मदद मिली।
अधिकारी ने बताया, ‘हिमांशु इस साल जून में ही जेल से रिहा हुआ था और उसके बाद फिर से आपराधिक गतिविधियां शुरू कर दी थी। उसके आपराधिक रिकॉर्ड में अपहरण, डकैती और झपटमारी के तीन पुराने मामले शामिल हैं।’
उन्होंने आगे बताया कि जांच जारी है।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत

Facebook


