उत्तर पूर्वी दिल्ली: हत्या के मामले में वांछित आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Ads

उत्तर पूर्वी दिल्ली: हत्या के मामले में वांछित आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 10:41 PM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 10:41 PM IST

नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मंगलवार तड़के उत्तर पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद हत्या के मामले में वांछित 24 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया । पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान भागीरथी विहार निवासी हारुन सैफी के रूप में हुई है, जो 15 जून को दयालपुर थाना क्षेत्र के नेहरू विहार इलाके में राशिद नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने के मामले में वांछित था। वह इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी है।

अधिकारी ने बताया कि सैफी की गतिविधि के बारे में विशेष जानकारी पर पुलिस ने सिग्नेचर ब्रिज और खजूरी खास मेट्रो स्टेशन के बीच के इलाके में जाल बिछाया।

उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवल ने बताया, ‘‘निगरानी के दौरान, पुलिस ने आरोपी को स्कूटर पर आते हुए देखा। जब उसने जाने का प्रयास किया, तो टीम ने उसे रुकने के लिए कहा। हालांकि, हारून ने कथित तौर पर भागने की कोशिश की और इस दौरान अपना संतुलन खोने से वह वाहन से गिर गया।’’

उन्होंने बताया कि इसके बाद आरोपी ने टीम पर गोलियां चला दीं और दो गोलियां हेड कांस्टेबल मुकेश और उपनिरीक्षक कौशिक घोष की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं।

डीसीपी ने कहा, “आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दिए जाने के बावजूद, हारून ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोलीबारी जारी रखी। पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित तरीके से जवाबी कार्रवाई की और पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके बाएं पैर में लगी और फिर उसे काबू में कर गिरफ्तार कर लिया गया।’’

डीसीपी अलवल के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पांच गोलियां चलाईं , जबकि पुलिस टीम ने नौ गोलियां चलाईं। बाद में आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने बताया कि उसके कब्जे से एक अर्धस्वचालित पिस्तौल, दो कारतूस, पांच खोखे और अपराध में इस्तेमाल स्कूटर जब्त किया गया। फॉरेंसिकटीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस ने कहा कि हारून का लंबा आपराधिक इतिहास है और वह पहले दिल्ली और हरियाणा में हत्या के प्रयास, जबरन वसूली, चोरी और शस्त्र अधिनियम के अपराधों सहित कई मामलों में शामिल था।

पुलिस ने कहा कि पीड़ित और आरोपी के बीच पुरानी दुश्मनी थी और आगे की जांच जारी है।

इससे पहले, जांच में दयालपुर पुलिस ने तकनीकी निगरानी और अन्य सबूतों के आधार पर हत्या में कथित रूप से शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था, वहीं अपराध शाखा ने अनवर ठाकुर-हारून गिरोह से कथित तौर पर जुड़े दो नाबालिग शूटर को पकड़ा था।

पंद्रह जून को बाइक सवार तीन लोगों ने राशिद को कई गोलियां मारी थीं, जिससे उसकी मौत हो गई थी।

भाषा नोमान दिलीप

दिलीप