हम सक्रिय विपक्ष की भूमिका निभाएंगे, लोगों से जुड़े मुद्दे उठाएंगे: गौरव गोगोई
हम सक्रिय विपक्ष की भूमिका निभाएंगे, लोगों से जुड़े मुद्दे उठाएंगे: गौरव गोगोई
गुवाहाटी, पांच मई (भाषा) असम में विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के अब तक के सबसे खराब प्रदर्शन के एक दिन बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस राज्य में “सक्रिय विपक्ष” की भूमिका निभाएगी और लोगों से जुड़े मुद्दे उठाएगी।
गुवाहाटी में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में गोगोई ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार की गतिविधियों पर नजर रखेंगे और अगर कोई जनविरोधी नीति अपनाई जाती है, तो उसका विरोध करेंगे।
उन्होंने कहा, “हम लोगों से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए एक सक्रिय विपक्ष के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगे।”
गोगोई ने कहा कि कांग्रेस लोगों की प्रतिक्रिया जानने के लिए एक बार फिर उनके बीच जाएगी और फिर पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेगी।
उन्होंने कहा, “हम भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के कामकाज पर नजर रखेंगे। अगर कोई जनविरोधी रुख अपनाया गया, तो हम आवाज उठाएंगे।”
गोगोई ने कहा कि वह असम विधानसभा चुनाव के लिए “विपक्षी गठबंधन के कप्तान थे” और उसकी करारी हार की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हैं।
यह पूछे जाने पर कि पार्टी और विपक्षी गठबंधन कहां विफल रहे, गोगोई ने कहा, “अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि क्या गलत हुआ। हम आने वाले दिनों में नतीजों का विस्तृत विश्लेषण करेंगे।”
कांग्रेस ने 126 सदस्यीय असम विधानसभा की 99 सीट पर चुनाव लड़ा था, जिनमें से उसे महज 19 सीट पर जीत हासिल हुई। भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 102 सीट पर जीत दर्ज की।
भाषा पारुल दिलीप
दिलीप

Facebook


