पश्चिम बंगाल: भाजपा के खाते में एक सीट और जुड़ी, कुल संख्या 207 हुईं

Ads

पश्चिम बंगाल: भाजपा के खाते में एक सीट और जुड़ी, कुल संख्या 207 हुईं

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 05:31 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 05:31 PM IST

कोलकाता, पांच मई (भाषा) पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक जनादेश प्राप्त करने के एक दिन बाद मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सीटों की संख्या बढ़कर 207 हो गई।

राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा की सीटों की यह संख्या राजारहाट-न्यू टाउन सीट पर वोटों की दोबारा गिनती होने के बाद पार्टी को मिली जीत के कारण हुई, जिसने पहले से ही ऐतिहासिक माने जा रहे इस चुनावी फैसले में नाटकीयता का एक और पहलू जोड़ दिया।

यह अतिरिक्त सीट तब मिली जब भाजपा उम्मीदवार पीयूष कनोडिया ने वोटों की दोबारा गिनती होने के बाद, तृणमूल कांग्रेस के दो बार के विधायक तापस चटर्जी को महज 309 वोटों के मामूली अंतर से हरा दिया। इस जीत ने पार्टी की कुल सीटों की संख्या को 206 से बढ़ाकर 207 कर दिया।

वोटों की गिनती के 18 दौर पूरे होने के बाद, कनोडिया को 1,06,564 वोट मिले जबकि चटर्जी को 1,06,255 वोट मिले। चुनाव आयोग के सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की कि भाजपा उम्मीदवार को जल्द ही औपचारिक रूप से विजयी घोषित कर दिया जाएगा।

यह नतीजा सोमवार को आए निर्णायक जनादेश के बाद आया है जिसमें भाजपा ने दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा पार करते हुए तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन को समाप्त कर दिया और राज्य में पहली बार सत्ता हासिल की।

इस चुनावी फैसले का प्रतीकात्मक महत्व भी बहुत अधिक था क्योंकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट पर भाजपा के शुभेंदु अधिकारी के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

मंगलवार को एक और सीट अपने खाते में आने के बाद भाजपा 148 सीटों के बहुमत के आंकड़े से काफी आगे निकल गई है।

भाषा वैभव नरेश

नरेश