कोलकाता, 21 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर कॉलेज में सोमवार को वाम समर्थित एसएफआई और आरएसएस से संबद्ध एबीवीपी के समर्थकों के बीच उस समय झड़प हो गई जब एसएफआई कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के शासी निकाय के नवनियुक्त अध्यक्ष और भाजपा नेता सायंतन बसु की परिसर में मौजूदगी का विरोध किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब बसु की कार कॉलेज के मुख्य द्वार के पास पहुंची तो वाम समर्थित छात्र संगठनों के करीब 100 कार्यकर्ताओं ने वाहन को रोक दिया और ‘‘वापस जाओ’’ के नारे लगाए।
पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने में मशक्कत करनी पड़ी।
इसके कुछ देर बाद एबीवीपी और एसएफआई-आईएसएफ समर्थकों के बीच झड़प हो गई।
एसएफआई की राज्य समिति के सदस्य शुभजीत सरकार ने आरोप लगाया कि भाजपा नीत सरकार के तहत पुलिस बंगाल में वाम और लोकतांत्रिक ताकतों को ‘‘प्रताड़ित’’ कर रही है और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर भाजपा तथा आरएसएस खेमों को संरक्षण दे रही है।
एबीवीपी के राज्य नेता शुभब्रत अधिकारी ने आरोप लगाया कि वाम संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में ‘‘राष्ट्रवादी’’ और ‘‘देशभक्त’’ ताकतों के साथ मारपीट की।
बसु ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि एसएफआई और आईएसएफ शैक्षणिक संस्थानों में अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘मैं पीछे नहीं हटा और भांगर कॉलेज परिसर में ही रहा। मैं कॉलेज का विकास करना चाहता हूं। एसएफआई और आईएसएफ हमें रोक नहीं सकते।’
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश