नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) सिद्ध नाथ गुप्ता की सेवा को 30 अप्रैल को उनकी निर्धारित सेवानिवृत्ति तिथि से छह महीने के लिए बढ़ा दिया है। सोमवार को जारी एक आदेश से यह जानकारी मिली।
निर्वाचन आयोग ने 1992 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी गुप्ता को 16 मार्च को राज्य का डीजीपी और आईजीपी नियुक्त किया था। गुप्ता 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त होने वाले थे। पीयूष पांडे को डीजीपी पद से हटाने के एक दिन बाद गुप्ता की नियुक्ति की गई थी।
आयोग ने कहा था कि राज्य में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के बाद अधिकारियों को हटाने का फैसला लिया गया था।
सोमवार को जारी आदेश में कहा गया, ‘‘मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने जनहित में सेवा नियमावली, 1958 के नियम 16(1) में छूट देते हुए पश्चिम बंगाल के डीजीपी एवं आईजीपी सिद्ध नाथ गुप्ता की सेवा को 30 अप्रैल के बाद छह महीने के लिए बढ़ाने के गृह मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।’’
राज्य में विधानसभा चुनाव का पहला चरण 23 अप्रैल को हुआ था, जबकि दूसरे और अंतिम चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। मतगणना चार मई को होगी।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप