कोलकाता, छह जुलाई (भाषा) कोलकाता से लगभग 25 किलोमीटर दूर एक तालाब से बोरे में मिले लड़की के शव की प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट, यौन उत्पीड़न तथा जीवित अवस्था में पानी में फेंके जाने के संकेत मिले हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर की 11-वर्षीय यह लड़की शनिवार को अपनी एक सहेली के लिए जन्मदिन का उपहार खरीदने घर से निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। परिजनों ने पुलिस में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। बाद में रविवार को उसका शव बरामद किया गया।
शव बरामद होने के तुरंत बाद, लड़की से दुष्कर्म और हत्या में संलिप्तता के संदेह में लोगों की भीड़ ने एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में लड़की के निजी अंगों पर चोट के निशान पाए गए हैं। इसके अलावा उसके शरीर के विभिन्न हिस्सों पर खरोंच और काटने के निशान भी मिले हैं।
अधिकारी ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि लड़की के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया था या उसका सिर किसी कठोर सतह पर जोर से पटका गया था।
रिपोर्ट से पता चला कि तालाब में फेंके जाते समय लड़की ज़िंदा थी। जांच के दौरान उसके फेफड़ों और पेट में पानी मिला।
पुलिस ने सोमवार को इस मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ़्तार किया, जिससे गिरफ़्तार लोगों की कुल संख्या तीन हो गई है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘जांच एक अहम मोड़ पर है। हम सभी सबूतों की जांच कर रहे हैं। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट की पुष्टि जांच के दौरान इकट्ठा की गई अन्य जानकारियों से की जा रही है।’’
उन्होंने बताया कि पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें लड़की को कथित तौर पर चार लोगों द्वारा ले जाते हुए देखा गया। उन्होंने कहा कि वे आरोपियों की पहचान और अपराध में उनकी भूमिका का पता लगाने के लिए फुटेज का विश्लेषण कर रहे हैं।
भाषा आशीष सुरेश
सुरेश