पश्चिम बंगाल : पुरुलिया में जापान समर्थित पेयजल परियोजना शुरू, 8.13 लाख लोगों को मिलेगा लाभ
पश्चिम बंगाल : पुरुलिया में जापान समर्थित पेयजल परियोजना शुरू, 8.13 लाख लोगों को मिलेगा लाभ
पुरुलिया, 17 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को पुरुलिया जिले में जापान अंतरराष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (जेआईसीए) की मदद से तैयार पेयजल आपूर्ति परियोजना का उद्घाटन किया। इस परियोजना से आठ लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ‘‘आज पश्चिम बंगाल में हमारी राजग सरकार के 100 दिन पूरे हो गए हैं। इसी दिन हमने पुरुलिया में पेयजल परियोजना शुरू की है। यह देखकर दुख होता है कि जब देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा था, तब भी जिले में पेयजल आपूर्ति की सुविधा नहीं थी।’’
उन्होंने इस पहल के लिए जापान सरकार और जेआईसीए का आभार जताते हुए कहा कि 1,296.25 करोड़ रुपये की इस परियोजना में जापान और जेआईसीए ने 889.06 करोड़ रुपये का योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से मानबाजार-1, बड़ाबाजार, पुरुलिया-1, पुंचा और अर्शा प्रखंडों के अलावा पुरुलिया नगरपालिका क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा।
शुभेंदु अधिकारी के अनुसार 458 क्षेत्रों के 87,271 परिवारों और करीब 8.13 लाख लोगों को इस परियोजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन 70 लीटर उपचारित पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
इस परियोजना को तत्कालीन राज्य सरकार ने आठ फरवरी, 2019 को प्रशासनिक मंजूरी दी थी और इसे राज्य के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने लागू किया है।
योजना के तहत मुकुटमणिपुर जलाशय से पानी लिया जाएगा और 1.2 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के जरिये इसे एक अन्य जलाशय तक पहुंचाया जाएगा, जहां आधुनिक तकनीक से पानी को शोधित किया जाएगा।
इसके बाद उपचारित पानी को 272 किलोमीटर लंबी ट्रांसमिशन पाइपलाइन के माध्यम से पानी की 42 ऊंची टंकियों तक पहुंचाया जाएगा।
इन टंकियों से लक्षित क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति के लिए 1,594 किलोमीटर लंबा वितरण नेटवर्क बिछाया गया है। इसके जरिए प्रतिदिन करीब 6.8 करोड़ लीटर पानी की आपूर्ति की जाएगी।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश

Facebook


