सतोपंथ ट्रेक पर पश्चिम बंगाल के ट्रेकर की मौत, तीन अन्य को सुरक्षित निकाला गया

सतोपंथ ट्रेक पर पश्चिम बंगाल के ट्रेकर की मौत, तीन अन्य को सुरक्षित निकाला गया

सतोपंथ ट्रेक पर पश्चिम बंगाल के ट्रेकर की मौत, तीन अन्य को सुरक्षित निकाला गया
Modified Date: October 4, 2025 / 08:10 pm IST
Published Date: October 4, 2025 8:10 pm IST

देहरादून, चार अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड के बदरीनाथ इलाके में ऊंचाई वाले क्षेत्र में स्थित सतोपंथ ट्रेक पर पश्चिम बंगाल के एक ट्रेकर की मौत हो गई जबकि तीन अन्य को सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को बदरीनाथ पुलिस थाने को सूचना मिली कि चमोली जिले के बदरीनाथ क्षेत्र में 4000-4500 मीटर की ऊंचाई पर स्थित सतोपंथ ट्रेक पर चार ट्रेकर फंसे हुए हैं जिनमें से एक की हालत गंभीर है।

इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस उपनिरीक्षक दीपक सामंत के नेतृत्व में राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम आवश्यक उपकरणों और एक सैटेलाइट फोन के साथ तुरंत बचाव अभियान पर निकली।

पुलिस ने बताया कि एसडीआरएफ के जवान अत्यंत प्रतिकूल परिस्थितियों में दुर्गम इलाकों को पार करते हुए शनिवार सुबह सतोपंथ तक पहुंचे लेकिन उनके पहुंचने तक एक ट्रेकर की मौत हो गयी थी। जवानों ने ट्रेकर के शव को स्ट्रेचर पर माणा गांव तक पहुंचाया और उसे जिला पुलिस को सौंप दिया।

ट्रेकर की पहचान पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना के बाराद्रोन निवासी सुमंत के रूप में हुई है।

एसडीआरएफ ने ट्रेक पर मिले तीन अन्य ट्रेकर को सुरक्षित निकाल कर माणा गांव पहुंचाया।

भाषा दीप्ति शफीक

शफीक


लेखक के बारे में