जयपुर, 30 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से हल्की बारिश के कारण तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
जयपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अधिकतम तापमान फिलहाल 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के आस-पास बना हुआ है।
विभाग के अनुसार, एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ अगले चार से पांच दिनों में राज्य को प्रभावित कर सकता है, जिसकी वजह से गरज के साथ बारिश, 40–50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने बताया कि इस मौसमी गतिविधि से राज्य के अधिकांश हिस्सों में लू जैसी स्थिति से आंशिक राहत मिलेगी।
विभाग के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 43–45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है जबकि अन्य इलाकों में यह 40–43 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को फालौदी सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके बाद चित्तौड़गढ़ में 43.4 डिग्री और राजधानी जयपुर में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र