सरकार को रेवन्ना का राजनयिक पासपोर्ट रद्द करने से कौन रोक रहा है : जयराम रमेश
सरकार को रेवन्ना का राजनयिक पासपोर्ट रद्द करने से कौन रोक रहा है : जयराम रमेश
नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को सरकार से पूछा कि यौन शोषण के आरोपी जनता दल सेक्युलर (जद-एस) के सांसद प्रज्वल रेवन्ना का राजनयिक पासपोर्ट रद्द करने से उसे कौन रोक रहा है।
सोशल मीडिया पर कई वीडियो और तस्वीरें वायरल होने के बाद कर्नाटक राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष नागलक्ष्मी चौधरी ने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को प्रज्वल के खिलाफ यौन आरोपों की जांच का आदेश देने के लिए पत्र लिखा था। इसके तुरंत बाद हासन से 33 वर्षीय सांसद ने कथित तौर पर जर्मनी के लिए उड़ान भरी।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, रमेश ने सवाल उठाया कि प्रज्वल को भागने की अनुमति कैसे दी गई।
कांग्रेस नेता ने पूछा, ‘प्रधानमंत्री को प्रज्वल रेवन्ना का राजनयिक पासपोर्ट रद्द करने से कौन रोक रहा है? उन्हें विजय माल्या, नीरव मोदी और मेहुल चोकसी की तरह देश से भागने की अनुमति कैसे और क्यों दी गई?’
जद(एस) के संरक्षक और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते प्रज्वल पर कथित तौर पर विभिन्न महिलाओं के साथ उनके कई वीडियो सामने आने के बाद यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है।
वह हासन लोकसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार हैं। हासन में 26 अप्रैल को मतदान हुआ था। जद (एस) ने 2023 में भाजपा के साथ गठबंधन किया था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को प्रज्वल के खिलाफ बलात्कार का एक और मामला दर्ज किया गया, जिससे कई महिलाओं के कथित यौन शोषण से संबंधित मामलों की संख्या तीन हो गई।
विशेष जांच दल (एसआईटी) के सूत्रों के अनुसार, प्रज्वल के खिलाफ बेंगलुरु में आठ मई को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। हासन के सांसद द्वारा कथित तौर पर कई महिलाओं के साथ यौन शोषण करते हुए दिखाए गए स्पष्ट वीडियो के बड़े पैमाने पर सार्वजनिक होने के बाद जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था।
प्रज्वल के अता-पता की जानकारी मांगने के लिए उनके खिलाफ इंटरपोल का ब्लू कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया है।
भाषा
शुभम सुरेश
सुरेश

Facebook


