‘कनेक्टिविटी’ बढ़ने पर विकास की संभावनाओं में नयी तेजी आती है : प्रधानमंत्री मोदी

'कनेक्टिविटी' बढ़ने पर विकास की संभावनाओं में नयी तेजी आती है : प्रधानमंत्री मोदी

‘कनेक्टिविटी’ बढ़ने पर विकास की संभावनाओं में नयी  तेजी आती है : प्रधानमंत्री मोदी
Modified Date: March 7, 2026 / 06:34 pm IST
Published Date: March 7, 2026 6:34 pm IST

जयपुर, सात मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि ‘कनेक्टिविटी’ बढ़ने पर विकास की संभावनाओं में नयी तेजी आती है।

उन्होंने कहा कि जब राज्य सरकार और केंद्र सरकार मिलकर काम करती हैं तो विकास की रफ्तार कई गुना बढ़ जाती है। मोदी ने कोटा के नए हवाई अड्डे के शिलान्यास समारोह को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए यह बात कही।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा, “जब कनेक्टिविटी बढ़ती है तो विकास की संभावनाओं में भी नयी तेजी आती है। बीते 11 वर्षों में देश के अलग-अलग हिस्सों में बने नए हवाई अड्डों ने विकास को नयी गति दी है।”

उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में 70 के करीब हवाई अड्डे ही बने थे, जबकि आज यह संख्या बढ़कर 160 से ज्यादा हो गई है। इन नए हवाई अड्डों ने हवाई यात्रा को आसान किया है, पर्यटन को बढ़ावा दिया है, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए हैं, और क्षेत्र के विकास को नयी रफ्तार दी है।

मोदी ने कहा,“जब राज्य सरकार और केंद्र सरकार मिलकर काम करती हैं, जब नीयत साफ होती है और संकल्प मजबूत होता है, तब विकास की रफ्तार कई गुना बढ़ जाती है। आज राजस्थान में वही हो रहा है।”

उन्होंने कहा कि विकसित राजस्थान की यही मजबूत नींव, विकसित भारत के संकल्प को और ताकत दे रही है।

मोदी ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है, हम सब मिलकर एक ऐसा राजस्थान बनाने में सफल होंगे, जो समृद्ध भी हो, सशक्त भी हो और अवसरों से भरा हुआ भी हो।”

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने बूंदी जिले के शंभूपुरा में कोटा-बूंदी ‘ग्रीनफील्ड’ हवाई अड्डे का शिलान्यास किया।

मोदी ने कहा कि नवंबर 2023 में जब वे कोटा आए थे तो उन्होंने जनता से एक वादा किया था। मोदी ने कहा था कि कोटा का हवाई अड्डा केवल एक सपना बनकर नहीं रहेगा, बल्कि उसे साकार करके दिखाया जाएगा।

उन्होंने कहा,“आज मुझे प्रसन्नता है कि वो क्षण आ गया है, जब कोटा हवाई अड्डे के निर्माण का काम शुरू होने जा रहा है।”

मोदी ने कहा, “आज का दिन कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ सहित पूरे हाड़ौती क्षेत्र के लिए, एक नयी आशा और नयी उपलब्धि का दिन है।”

मोदी ने पिछले हफ्ते राजस्थान के अपने दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि अजमेर की पावन धरती से हमने राजस्थान के विकास से जुड़े हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘उसी कार्यक्रम में राजस्थान के 21 हजार से अधिक नौजवान साथियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए थे। अब अजमेर यात्रा के कुछ ही दिनों बाद, आज मुझे कोटा से जुड़े हुए इस महत्वपूर्ण हवाई अड्डा परियोजना को शुरू करने का अवसर मिल रहा है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, “एक ही हफ्ते में राजस्थान में विकास के इन दो बड़े कार्यक्रमों का बहुत बड़ा संदेश है। ये बताते हैं कि आज राजस्थान किस गति से आगे बढ़ रहा है। अवसंरचना हो, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर हों, किसानों और माताओं-बहनों के लिए योजनाएं हों, राजस्थान में हर क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है।”

भाषा

पृथ्वी रवि कांत प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में