कांग्रेस नेतृत्व मतदाता सूची में मृतकों और दोहराव वाले नामों को क्यों बनाये रखना चाहता है: ईरानी

Ads

कांग्रेस नेतृत्व मतदाता सूची में मृतकों और दोहराव वाले नामों को क्यों बनाये रखना चाहता है: ईरानी

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 05:43 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 05:43 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) निर्वाचन आयोग पर निशाना साधने को लेकर कांग्रेस पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी ने विपक्षी दल पर मौजूदा लोकतांत्रिक ढांचे के तहत जनसमर्थन जुटाने में विफल रहने की स्थिति में देश की चुनावी व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

ईरानी ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि जिस कांग्रेस पार्टी को ‘ब्रिटिश साम्राज्य को बरकरार रखने’ के लिए बनाया गया था, आज वह भारत के निर्वाचन आयोग पर हमला कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘इससे अधिक शर्मनाक बात और कुछ नहीं हो सकती।’’

भाजपा की यह प्रतिक्रिया कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के बाद आई, जिसकी अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने की थी।

सीडब्ल्यूसी की बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल हटाने, विशेष गहन पुनरीक्षण को निलंबित करने, मतदाता सूची से हटाए गए 13 करोड़ से अधिक नाम इसमें वापस जोड़ने और मिलजुल कर चुनाव लड़ने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस्तीफे की मांग की गई।

ईरानी ने सवाल किया कि कांग्रेस नेतृत्व मतदाता सूची में मृतकों और दोहराव वाले नामों को बनाए रखने पर क्यों ज़ोर दे रहा है।

विपक्षी पार्टी पर दोहरे रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए, ईरानी ने पूछा कि क्या कांग्रेस नेतृत्व हिमाचल प्रदेश, पंजाब, केरल और कर्नाटक जैसे राज्यों में निर्वाचन आयोग को क्लीन चिट दे रहा है, जहां भाजपा सत्ता में नहीं है।

भाजपा नेता ने कहा कि 2019 में कांग्रेस पार्टी के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा था कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की छवि खराब करने की हर संभव कोशिश करेंगे।

भाजपा महासचिव ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बार-बार कहा है कि भले ही उनकी आलोचना या उन पर हमला किया जाए, लेकिन कांग्रेस के ऐसे हमले संवैधानिक संस्थाओं या भारत के लोकतंत्र पर हमले में नहीं बदलने चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया,‘‘ फिर भी, कांग्रेस नेतृत्व भारत की संवैधानिक व्यवस्थाओं को कमज़ोर करने की कोशिश में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है।’’

ईरानी ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने एसआईआर के मुद्दे पर पहले ही बयान दे दिया है और अपने प्रेस नोट में यह भी साफ़ किया है कि ‘बूथ लेवल अधिकारी’ (बीएलओ) उन लोगों के घरों पर व्यक्तिगत रूप से जाएंगे जिन्हें ‘एसआईआर’ प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी किए गए हैं, ताकि वे दस्तावेज़ इकट्ठा कर सकें और उनकी स्थिति की पुष्टि कर सकें।

भाजपा नेता ने पूछा, ‘‘अगर मतदाता सूची में एक ही नाम कई बार हैं या मृत लोगों के नाम हैं, तो कांग्रेस पार्टी क्यों चाहती है कि मृत लोगों के नाम वापस जोड़े जाएं? पार्टी क्यों चाहती है कि मतदाता सूची में एक ही नाम कई बार बने रहें?’’

ईरानी ने कहा, ‘‘जब निर्वाचन आयोग ने इस बारे में सबके सामने साफ़ तौर पर जानकारी दे दी है, तो कांग्रेस नेतृत्व मतदाता सूची में मृत लोगों के नाम बनाए रखने पर क्यों ज़ोर दे रहा है?’’

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस बात से नाराज़ है कि मौजूदा लोकतांत्रिक ढांचे में भारत के लोग उसका समर्थन नहीं करते हैं, नतीजतन, अपनी हार पर आत्म-मंथन करने के बजाय, पार्टी चुनाव आयोग पर हमला कर रही है।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग भारतीय लोकतंत्र की गरिमा का प्रतीक है और दुनिया भर में इसकी सराहना की गई है।

भाषा राजकुमार माधव

माधव