मंगलुरु, 29 सितंबर (भाषा) मंगलुरु में कोर्ट क्रॉस रोड पर जनपद न्यायालय परिसर के पास एक न्यायिक अधिकारी की कार से एक तेज रफ्तार मालवाहक ऑटो की जबरदस्त टक्कर में ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि कार चला रहे न्यायिक अधिकारी को मामूली चोट आई।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह 10 बजे हुए इस हादसे में ऑटो चालक चंद्रा (67) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहे न्यायिक अधिकारी विनय डी (47) मामूली रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता विनय डी अपने आवास से बावुटागुड्डा स्थित जनपद न्यायालय परिसर जा रहे थे और जैसे ही वह राधा मेटिकल्स के पास मोड़ पर पहुंचे, अदालत की दिशा से तेज रफ्तार में आ रहा मालवाहक ऑटो अनियंत्रित होकर कार से टकरा गया और पलट गया।
पुलिस के अनुसार, ऑटो पलटकर एक स्कूटर सवार से टकरा गया।
पुलिस ने बताया स्कूटर सवार को भी मामूली चोट आई है। उसने बताया कि घटना के सिलसिले में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
भाषा
सं राजेंद्र पारुल
पारुल