नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर बीते 20 जुलाई को बलप्रयोग किए जाने को लेकर बृहस्पतिवार को गृह मंत्री अमित शाह पर एक बार फिर निशाना साधा और सवाल किया कि वह संसद में आने से तथा इस मामले पर सफाई देने से क्यों डरे हुए हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने यह दावा भी किया कि गृह मंत्री के इस रुख से ‘‘अपराधबोध’’ दिखाई देता है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अमित शाह छात्रों के खिलाफ हुई बर्बर हिंसा पर संसद में आकर सफाई देने से इतना क्यों डर रहे हैं? इससे अपराधबोध की बू आती है।’’
उन्होंने यह भी कहा कि छात्र न्याय के हकदार हैं और उनके साथ प्रदर्शन के दौरान हुई कथित बर्बरता की जांच के लिए उच्चतम न्यायालय की निगरानी में एक स्वतंत्र उच्चाधिकार प्राप्त समिति का गठन किया जाना चाहिए।
राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का एक वीडियो साझा करते हुए कहा, ‘‘छात्र न्याय के हकदार हैं। हमारे छात्रों के साथ हुई बर्बरता की जांच के लिए उच्चतम न्यायालय की निगरानी में एक स्वतंत्र उच्चाधिकार प्राप्त समिति का गठन किया जाना चाहिए।’’
कांग्रेस नेता ने बुधवार को कहा था कि दिल्ली में विद्यार्थियों के साथ हुई ”बर्बरता” के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं और उन्हें पद से बर्खास्त किया जाना चाहिए।
उन्होंने यह मांग भी की थी कि पूरे मामले की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में उच्चाधिकार-प्राप्त समिति से जांच कराई जानी चाहिए।
भाषा हक हक मनीषा
मनीषा