‘वाइल्डलाइफ एसओएस’ को बाघ संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया

Ads

‘वाइल्डलाइफ एसओएस’ को बाघ संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया

  •  
  • Publish Date - July 3, 2026 / 04:51 PM IST,
    Updated On - July 3, 2026 / 04:51 PM IST

नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) ‘वाइल्डलाइफ एसओएस’ को वन्यजीव संरक्षण और शिकार रोधी पहल में उसके कार्यों के लिए पांचवें ‘रॉयल रणथंभौर इंटरनेशनल टाइगर वीक’ 2026 में ‘टाइगर प्रोटेक्शन एंड एंटी-पोचिंग एक्सीलेंस अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। संगठन ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

संगठन द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, राजस्थान के रणथंभौर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह पुरस्कार ‘वाइल्डलाइफ एसओएस’ के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी कार्तिक सत्यनारायण को प्रदान किया गया।

इस कार्यक्रम में बाघ संरक्षण और मौजूदा चुनौतियों पर चर्चा के लिए संरक्षण विशेषज्ञ, नीति निर्माता, वन अधिकारी, शोधकर्ता, फोटोग्राफर, पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोग और वन्यजीव प्रेमी शामिल हुए।

दिल्ली उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश धर्मेश शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वन्यजीव अपराध और संरक्षण को उजागर करने वाली योजनाएं लोगों में जागरूकता बढ़ाने और वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रयासों को मजबूत करने में मदद करती हैं।

उन्होंने कहा, “न्यायपालिका भी वन्यजीव अपराधों के खिलाफ कानूनी और अभियोजन प्रयासों का समर्थन कर योगदान दे सकती है।”

कार्तिक सत्यनारायण ने पुरस्कार स्वीकार करते हुए कहा कि यह सम्मान संगठन की टीम, वन विभाग के कर्मचारियों और बाघ संरक्षण के लिए काम कर रहे स्थानीय समुदायों के सामूहिक प्रयासों की पहचान है।

उन्होंने कहा, “शिकार रोधी कार्य अक्सर दिखाई नहीं देते। यह जमीनी स्तर पर, अंधेरे में और उन लोगों के सहयोग से होता है, जो वन्यजीवों की रक्षा के लिए बहुत बड़ा जोखिम उठाते हैं। हम यह सम्मान उन सभी की ओर से स्वीकार करते हैं।”

भाषा जितेंद्र अविनाश

अविनाश