अलप्पुझा (केरल), 12 मार्च (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को बड़ा झटका देते हुए वरिष्ठ नेता जी सुधाकरन ने बृहस्पतिवार को पार्टी से अपने सभी संबंध तोड़ने की घोषणा की और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपने गृह क्षेत्र अंबलप्पुझा से अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की।
सोशल मीडिया मंचों पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर उन पर किए गए व्यक्तिगत हमले के बाद सुधाकरन ने हाल में घोषणा की थी कि उन्होंने पार्टी की सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया है।
उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा कि वह इस निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे जो कि माकपा का गढ़ है।
उन्होंने कहा, ‘‘संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) से समर्थन का कोई सवाल ही नहीं उठता क्योंकि मैंने इसके लिए अनुरोध नहीं किया है। मैंने किसी से बात नहीं की है।’’
पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि वे अपने चुनाव अभियान के तहत ‘वॉल पेंटिंग’ या सम्मेलन आयोजित नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने किसी से समर्थन नहीं मांगा है।’’
सुधाकरन ने कहा कि वह चुनाव प्रचार के दौरान राजनीतिक मुद्दों पर बोलेंगे लेकिन सरकार के खिलाफ नहीं बोलेंगे और उन्हें यह नहीं पता कि सत्ता विरोधी लहर है या नहीं। उन्होंने कहा कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी बात रखेंगे।
भाषा सुरभि शोभना
शोभना