कोयंबटूर (तमिलनाडु), 18 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर निशाना साधते हुए कहा कि 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद तमिलनाडु में राजग की सरकार बनने पर भ्रष्टाचार के मामलों की जांच की जाएगी।
उन्होंने यह भी वादा किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति में ‘‘सुधार’’ किया जाएगा और ‘‘हमारी बहनों’’ की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।
मोदी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों के समर्थन में यहां आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भूमि, रेत और शराब माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा तमिलनाडु को नशामुक्त बनाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘राजग के सत्ता में आते ही हम कानून-व्यवस्था को ठीक करेंगे। हमारी बहनों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। हम भूमि, रेत और शराब माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे और तमिलनाडु को नशामुक्त बनाएंगे।’’
उन्होंने कहा कि शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ की गई कार्रवाई से हजारों लोगों की जान बचाने में मदद मिलेगी।
मोदी ने ‘नकदी के बदले नौकरी’ घोटाले का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘हम भ्रष्टाचार को समाप्त करेंगे, द्रमुक के सभी घोटालों की जांच करेंगे और कार्रवाई करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि नियुक्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे राज्य के लोगों को राजग का दृष्टिकोण समझाएं, द्रमुक की ‘नाकामियों’ को उजागर करें और लोगों को बताएं कि यह चुनाव तमिलनाडु के भविष्य के लिए है।
भाषा
देवेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल