आवश्यक कानूनी कदम उठाएंगे: आप ने केजरीवाल को पेश होने के अदालत के आदेश पर कहा

Ads

आवश्यक कानूनी कदम उठाएंगे: आप ने केजरीवाल को पेश होने के अदालत के आदेश पर कहा

  •  
  • Publish Date - February 7, 2024 / 05:42 PM IST,
    Updated On - February 7, 2024 / 05:42 PM IST

नयी दिल्ली, सात फरवरी (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को कहा कि वह दिल्ली की अदालत के उस आदेश का अध्ययन कर रही है, जिसमें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आबकारी नीति मामले में समन पर पेश नहीं होने को लेकर ईडी की शिकायत पर 17 फरवरी को अदालत के समक्ष पेश होने को कहा गया है।

आप ने कहा कि केजरीवाल के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कई नोटिस ‘अवैध’ थे और वह अदालत को अपने रुख से अवगत कराएगी।

आप नेता जैस्मीन शाह ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘हम अदालत के आदेश का अध्ययन कर रहे हैं और उसके अनुसार आवश्यक कानूनी कदम उठाएंगे।’

अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट दिव्या मल्होत्रा ने बुधवार को केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा उनके खिलाफ अब रद्द हो चुकी दिल्ली की आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में उसके समन का पालन न करने को लेकर दायर एक शिकायत पर 17 फरवरी को तलब किया।

आप प्रमुख केजरीवाल ईडी द्वारा जारी पांचवें समन पर भी शुक्रवार को उसके समक्ष पेश नहीं हुए। एजेंसी ने केजरीवाल को पिछले बुधवार को समन जारी किया था।

आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक ने पहले ईडी को पत्र लिखकर समन को ‘अवैध और राजनीति से प्रेरित’ बताया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि समन का उद्देश्य उन्हें चुनाव प्रचार करने से रोकना है।

भाषा अमित नेत्रपाल

नेत्रपाल