बेटी की हत्या के आरोप में महिला और उसके ‘लिव-इन-पार्टनर’ के खिलाफ मामला दर्ज
बेटी की हत्या के आरोप में महिला और उसके ‘लिव-इन-पार्टनर’ के खिलाफ मामला दर्ज
बेंगलुरु, छह जून (भाषा) बेंगलुरु में पांच वर्षीय बेटी की हत्या के आरोप में 39 वर्षीय महिला और उसके ‘लिव-इन पार्टनर’ (सहजीवन साथी) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 25 मार्च को वेनेला नामक बच्ची का शव मिला था।
चार जून को बच्ची के पिता ने काडुगोडी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर उसकी अलग रह रही पत्नी प्रियंका और उसके लिव-इन-पार्टनर मोहन जी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (हत्या), 238 (सबूत मिटाना या अपराधी को बचाने के लिए झूठी जानकारी देना) और 3(5) (साझा मंशा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘शिकायत के आधार पर मोहन को हिरासत में लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।’’
प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने 2007 में प्रियंका से शादी की थी और उनकी दो बेटियां है।
पिता का आरोप है कि समय के साथ वैवाहिक संबंधों में तनाव बढ़ गया और 2025 में पुराने परिचित मोहन से दोबारा संपर्क होने के बाद प्रियंका की उससे घनिष्ठता हो गई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बाद में प्रियंका ने उस पर तलाक के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने का दबाव डाला और मोहन के साथ रहने लगी।
प्राथमिकी के अनुसार बड़ी बेटी पिता के साथ रहने लगी, जबकि छोटी बेटी वेनेला अपनी मां के साथ रहती थी।
पिता ने अपनी शिकायत में कहा कि बेटी की मौत के बारे में प्रियंका ने अलग-अलग और विरोधाभासी बयान दिए, जिससे उन्हें संदेह हुआ।
प्राथमिकी के अनुसार, पहले प्रियंका ने कहा था कि 24 मार्च की रात बच्ची ने बिरयानी खाई थी और अगली सुबह वह मृत मिली। बाद में उसने दावा किया कि बच्ची को कोलार में उसके (प्रियंका) जन्मदिन के अवसर पर एक कैफे में जश्न मनाने के दौरान एयर-कंडीशंड कार में सोता हुआ छोड़ दिया गया था। इसके बाद वे घर लौट गए और अगली सुबह बच्ची मृत मिली।
पुलिस के मुताबिक, पिता ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद उनका संदेह और गहरा हो गया। उन्होंने रिपोर्ट इंग्लैंड में कार्यरत अपनी बहन व एक बाल रोग विशेषज्ञ को दिखाई, जिसके बाद मौत के कारणों को लेकर और सवाल खड़े हुए।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी बच्ची को अपने रिश्ते और निजी जीवन में बाधा मानते थे तथा उन्होंने जानबूझकर उसकी हत्या करके सबूत मिटाने की कोशिश की।
पुलिस ने कहा कि आरोपों की जांच की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि बच्ची की मौत से जुड़ी घटनाओं के क्रम का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
भाषा जोहेब शोभना
शोभना

Facebook


