झारखंड के देवघर में महिला और उसके बेटे की धारदार हथियार से हमला कर हत्या
झारखंड के देवघर में महिला और उसके बेटे की धारदार हथियार से हमला कर हत्या
देवघर (झारखंड), 30 जून (भाषा) झारखंड के देवघर जिले में मंगलवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने एक महिला और उसके 12 वर्षीय बेटे की सोते समय धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हेठ नवाडीह गांव स्थित घर में रात करीब एक से दो बजे के बीच अज्ञात हमलावर घुस आए और रुबेदा बीबी (38) तथा उनके 12 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। घटना के समय बीबी की पुत्रवधू भी घर में मौजूद थी, जबकि उनका बड़ा बेटा काम के सिलसिले में गांव से बाहर गया हुआ था।
देवघर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रवीण पुष्कर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘कुछ अज्ञात हमलावरों ने रुबेदा बीबी और उनके 12 वर्षीय बेटे की सोते समय धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। हमलावरों ने दोनों के चेहरे और गर्दन पर कुल्हाड़ी और हथौड़े से वार किए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।’’
भाषा गोला दिलीप
दिलीप

Facebook


