नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस मेट्रो इकाई की एक महिला कांस्टेबल ने 16 वर्षीय लड़की को हौज खास मेट्रोस्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदने से रोक दिया जिससे एक हादसा होने से बच गया। एक अधिकारी ने सोमवार को कहा।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना 22 अगस्त को हुई जब कांस्टेबल निकिता ने स्टेशन पर गश्त के दौरान लड़की को अपनी जान देने के इरादे से पटरियों की ओर जाते देखा।
पुलिस ने कहा कि निकिता ने तुरंत हस्तक्षेप किया और लड़की के बार-बार पटरियों की ओर जाने की कोशिश करने के बावजूद उसे रोक लिया।
अन्य कर्मचारियों की सहायता से, लड़की को येलो लाइन स्टेशन नियंत्रण कक्ष में ले जाया गया। वहां उसने पुलिस को अपने परिजनों का विवरण दिया जिसके बाद उसके पिता से संपर्क किया जा सका।
पूछताछ के दौरान, पुलिस को पता चला कि नाबालिग का लगभग एक साल से आरएमएल अस्पताल में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी बीमारी का इलाज चल रहा था और उसने पहले भी खुद को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया था।
पुलिस ने बताया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद लड़की को उसके पिता को सौंप दिया गया।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश