उदयपुर में एसयूवी चालक ने महिला को कुचला
उदयपुर में एसयूवी चालक ने महिला को कुचला
जयपुर, आठ अगस्त (भाषा) उदयपुर में हंगामे की आवाज सुनकर घर के बाहर पहुंची महिला को स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) के चालक ने कुचल दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना शुक्रवार शाम प्रतापनगर थाना क्षेत्र की कपिल विहार कॉलोनी की है।
उसने बताया कि स्कॉर्पियो में सवार होकर आए आरोपी महिला के घर के बाहर खड़ी कार पर पथराव और तोड़फोड़ कर रहे थे।
हंगामे की आवाज सुनकर महिला घर से बाहर निकली और आरोपियों को रोकने की कोशिश की।
पुलिस ने बताया कि वहां से भागने से पहले आरोपियों ने एसयूवी से महिला को टक्कर मारकर कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रतापनगर थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि महिला के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
उन्होंने कहा कि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और महिला के बेटे से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
भाषा पृथ्वी खारी
खारी

Facebook


