दिल्ली के बेगमपुर में निर्माणाधीन इमारत से महिला पर गिरी मशीन, मौत
दिल्ली के बेगमपुर में निर्माणाधीन इमारत से महिला पर गिरी मशीन, मौत
नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) दिल्ली के बेगमपुर इलाके में रविवार को एक निर्माणाधीन इमारत में कंक्रीट की भारी सिल्लियां उठाने के लिए इस्तेमाल की जा रही एक मशीन 45 वर्षीय महिला पर गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ जब महिला दूध खरीदने घर से बाहर निकली थी।
पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान मंजू के रूप में हुई है। वह इस निर्माण स्थल के पास से गुजर रही थीं कि तभी अचानक यह भारी मशीन अचानक उनके ऊपर गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि यदि इमारत के मालिक ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा के बुनियादी इंतजाम किए होते तो इस हादसे को टाला जा सकता था ।
लोगों के मुताबिक, वहां न तो कोई घेराबंदी की गई थी, न ही राहगीरों की सुरक्षा के लिए कोई चेतावनी बोर्ड या सुरक्षात्मक ढांचा तैयार किया गया था।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस ने इस दुर्घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है।
भाषा सुमित प्रशांत
प्रशांत

Facebook


