नयी दिल्ली दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार एक महिला के घर की तलाशी के दौरान 56.69 लाख रुपये नकद, 355 ग्राम सोना और चार संपत्तियों के रजिस्ट्री दस्तावेज बरामद किए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि ये संपत्तियां कथित तौर पर मादक पदार्थों की तस्करी से हुई कमाई से खरीदी गई थीं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पार्वती के पास से हेरोइन और एक अन्य मादक पदार्थ मिलने के बाद गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद सोमवार को बवाना इलाके में स्थित उसके घर की तलाशी के दौरान यह बरामदगी की गई।
पुलिस के मुताबिक, बवाना की न्यू सनोठ कॉलोनी स्थित एक घर पर छापे के बाद 23 सितंबर को पार्वती और उसके संदिग्ध अंगरक्षक विकास उर्फ शानू को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने उनके कब्जे से 939 ग्राम हेरोइन, 615 ग्राम एक अन्य प्रतिबंधित पदार्थ और 7.93 लाख रुपये नकद बरामद किए। जिस कार से मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही थी, उसे भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पार्वती ने खुलासा किया कि उसने बवाना-नरेला इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी के जरिए संपत्ति और धन जुटाया था तथा वह एक अंतरराज्यीय गिरोह चला रही थी और उसे राजस्थान से मादक पदार्थों की आपूर्ती की जाती थी।
उन्होंने बताया कि उसकी ओर से दी गई जानकारी के आधार पर सोमवार को बवाना के जेजे कॉलोनी स्थित उसके आवास पर तलाशी ली गई, जिस दौरान 56.69 लाख रुपये नकद, 355 ग्राम सोने के गहने, 161 ग्राम चांदी के गहने और चार भूखंडों की रजिस्ट्री के दस्तावेज जब्त किए गए।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने 25 सितंबर को राजस्थान के प्रतापगढ़ से पार्वती को कथित रूप से मादक पदार्थ पहुंचने वाले साहेब खान उर्फ सोनू (27) को भी गिरफ्तार कर लिया और उसकी कार से 265 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
अधिकारी ने बताया कि ताजा बरामदगी के साथ ही इस मामले के सिलसिले में 1.20 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की जा चुकी है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेजा गया है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव