नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में काम से घर लौट रही 30 वर्षीय शादीशुदा महिला को एक निजी स्लीपर बस के अंदर कथित तौर पर घसीटकर ले जाया गया और चालक व परिचालक ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। इस बाबत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
साल 2012 के निर्भया सामूहिक बलात्कार कांड की याद दिलाने वाली यह घटना 11 मई को हुई।
पुलिस सूत्रों ने घटना का ब्यौरा देते हुए बताया कि महिला मंगोलपुरी इलाके की एक फैक्टरी में काम करने के बाद घर लौट रही थी और सरस्वती विहार के बी-ब्लॉक बस स्टैंड के पास पहुंचते ही उसने आरोपियों में से एक को बस के दरवाजे के पास खड़ा देखा और उससे समय पूछा। इसके बाद आरोपी ने उसे कथित तौर पर बस के अंदर खींच लिया और नांगलोई की ओर ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया।
विवाहित और तीन बच्चों की मां के बयान के अनुसार, दोनों पुरुषों ने बारी-बारी से उसके साथ बलात्कार किया।
एक पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जिस समय महिला पर हमला हुआ, उस समय बस नांगलोई मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी थी। बस को जब्त कर लिया गया है।
बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विक्रम सिंह ने एक वीडियो बयान में कहा, ‘रानी बाग थाने में हमें एक महिला के साथ कथित बलात्कार की सूचना मिली। तुरंत उसका बयान दर्ज किया गया और बिना देरी किए प्राथमिकी दर्ज की गई।’
डीसीपी ने बताया कि महिला के बयान के आधार पर 12 मई को रानी बाग थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) (बलात्कार), 70(1) (सामूहिक बलात्कार) और 3(5) (साझा मंशा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस को इस घटना की जानकारी सबसे पहले महिला की पीसीआर कॉल से मिली, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि दो व्यक्तियों ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया है।
आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गईं। प्राथमिकी दर्ज होने के तुरंत बाद एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे को चार घंटे बाद पकड़ा गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “दोनों आरोपियों को शहर की अदालत में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। हमारी टीमें मामले की हर कोण से जांच कर रही हैं। आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाने के लिए टीमें सीसीटीवी फुटेज इकट्ठा कर रही हैं।”
जांचकर्ता इस बात की भी तफ्तीश कर रहे हैं कि क्या बस में स्वचालित दरवाजे थे?
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘हमने निर्भया की घटना से कुछ नहीं सीखा। यह घटना पूरे समाज पर एक कलंक है।’
उनकी आम आदमी पार्टी ने भी इस घटना की तुलना निर्भया मामले से की और इसे ‘बहुत शर्मनाक’ बताया।
’आप’ की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस घटना की निंदा की।
उन्होंने कहा, ‘बेहद शर्म की बात है – निर्भया की पुनरावृत्ति। समय पूछने पर रात में बस में 30 वर्षीय महिला को उठाया गया। फिर चलती बस में करीब दो घंटे तक कई लोगों ने उसके साथ बलात्कार किया। बस दिल्ली के रानी बाग इलाके में 7 किलोमीटर तक घूमती रही।’
भाषा नोमान नोमान मनीषा
मनीषा