ओडिशा के गंजाम में ससुराल के घर के सामने धरने पर बैठी महिला की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या

Ads

ओडिशा के गंजाम में ससुराल के घर के सामने धरने पर बैठी महिला की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 10:05 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 10:05 PM IST

ब्रह्मपुर (ओडिशा), पांच मई (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले में मंगलवार को एक गर्भवती महिला की कथित तौर पर उस समय कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई जब वह अपनी बेटी के अधिकारों की मांग को लेकर अपने ससुराल के घर के सामने धरने पर बैठी थी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

राज्य भर में सनसनी फैलाने वाली यह घटना मंगलवार दोपहर को गंजाम जिले के हिंजिली थाना क्षेत्र के खारिदा गांव में हुई।

पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान राम्भा क्षेत्र की निवासी पूजा स्वैन (21) के रूप में हुई है। उसने बताया कि उसके पति के छोटे भाई आरोपी लिटू गौड़ा को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि महिला का पति चिंटू गौड़ा उस समय घर पर मौजूद नहीं था जब उसकी पत्नी पूजा अपनी दो साल की बेटी के साथ घर के सामने धरना दे रही थी। चिंटू ने कुछ दिन पहले पूजा को छोड़ दिया था, जिसके विरोध में पूजा ने अपनी बेटी के अधिकारों की मांग करते हुए ससुराल के सामने धरना दिया। उसने बताया कि पूजा गर्भवती थी।

हिंजिली थाने के प्रभारी निरीक्षक श्रीनिबास सेठी ने बताया, ‘पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अपराध में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी जब्त कर ली है। आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।’ उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, पूजा और चिंटू को सोशल मीडिया के जरिए प्यार हो गया था और वे पुरी भाग गए, जहाx उन्होंने एक शिव मंदिर में शादी कर ली और वहीं रहने लगे। उनकी एक बेटी भी थी। चिंटू दिहाड़ी मजदूर था, जबकि उसकी पत्नी (मृतका) अनाथ थी। वह खारिदा में अपने ससुराल जाना चाहती थी।

चिंटू और पूजा अपनी बेटी के साथ 17 अप्रैल को पुरी से ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। हालांकि, चिंटू अपनी गर्भवती पत्नी और छोटी बेटी को छोड़कर रेलवे स्टेशन से भाग गया।

हिंजिली के एसडीपीओ संतोष जेना ने बताया, ‘जब वह नहीं आया तो उसने ब्रह्मपुर के एक थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। चूंकि उसका कोई नहीं था, इसलिए पूजा और उसकी बेटी को ब्रह्मपुर शहर के वन-स्टॉप सेंटर में रहने की सुविधा दी गई। हालांकि, वह वहां से चली गई और अपने ससुराल के घर के सामने धरना देने लगी।’

उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और उसके ससुराल वालों को नोटिस जारी कर दिया गया है।

एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘उस महिला की कहानी स्थानीय टेलीविजन चैनलों पर दिखाए जाने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। उसके ससुराल वालों ने शायद अपमानित महसूस कर उसे खत्म करने का फैसला किया होगा।’

भाषा

शुभम माधव

माधव