राजीव चौक पर महिला पटरियों पर कूदी, घायल हुई

राजीव चौक पर महिला पटरियों पर कूदी, घायल हुई

राजीव चौक पर महिला पटरियों पर कूदी, घायल हुई
Modified Date: March 6, 2026 / 08:39 pm IST
Published Date: March 6, 2026 8:39 pm IST

नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) दिल्ली के राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक महिला ने आत्महत्या करने के प्रयास में कथित तौर पर पटरी पर छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 10.15 बजे व्यस्त इंटरचेंज स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर हुई। उन्होंने बताया कि करीब 45 वर्षीय महिला घायल और बेहोश पाई गई।

पुलिस के अनुसार, जैसे ही महिला पटरी पर कूदी, सतर्क यात्रियों ने ट्रेन के प्लेटफार्म पर पहुंचने से पहले ही उसे खींच लिया लिया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

घटना की सूचना मिलते ही मेट्रो पुलिस और सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और महिला को इलाज के लिए लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज ले गए।

डॉक्टरों ने बताया कि महिला फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। डॉक्टरों द्वारा महिला को स्वस्थ घोषित किए जाने के बाद ही उसका बयान दर्ज किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि अस्पताल में एक महिला पुलिसकर्मी तैनात की गई है।

महिला के पास से कोई पहचान पत्र या निजी सामान बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से बरामद मेट्रो टिकट से पता चलता है कि वह जनकपुरी पूर्व स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई थी।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस मेट्रो स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि उसकी पहचान और घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।

भाषा नोमान

नोमान माधव

माधव


लेखक के बारे में