पश्चिमी दिल्ली में सड़क हादसे में महिला की मौत, बेटा गंभीर रूप से घायल
पश्चिमी दिल्ली में सड़क हादसे में महिला की मौत, बेटा गंभीर रूप से घायल
नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में एक तेज रफ्तार कार ने कथित तौर पर एक स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे एक महिला की मौत हो गई और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक महिला के बेटे ने आरोप लगाया है कि एसयूवी का चालक नशे की हालत में था।
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना सोमवार को इलाके में होली मनाये जाने के बाद हुई।
उसने बताया कि कार की पहले स्कूटर से टक्कर हुई और बाद में कार अन्य वाहन से टकराने के बाद रुक गई।
पीटीआई-भाषा के पास मौजूद प्राथमिकी के अनुसार न्यू महावीर नगर निवासी शिकायतकर्ता जगमीत सिंह ने कहा कि सोमवार शाम करीब चार बजे वह और उनकी मां मोहिनी स्कूटर पर पश्चिमी दिल्ली जा रहे थे।
प्राथमिकी में जगमीत सिंह बताया है ‘जब वे आउटर रिंग रोड पर एक होटल के पास पहुंचे, तो एक सफेद तेज रफ्तार कार पीछे से आई और उनके स्कूटर से टकरा जाने के बाद यह हादसा हुआ।’
प्राथमिकी के मुताबिक कार चालक की पहचान पंजाबी बाग एन्क्लेव निवासी जयदीप मलिक के रूप में हुई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पश्चिम विहार (पश्चिम) थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 279 (सार्वजनिक रास्ते पर लापरवाही से गाड़ी चलाना या वाहन चलाना), 337 (दूसरों की जान या निजी सुरक्षा को खतरे में डालकर चोट पहुंचाना) और 304-ए (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भाषा
योगेश माधव
माधव

Facebook


