जयपुर, 12 अप्रैल (भाषा) जयपुर में महिला से कथित छेड़छाड़ का एक और मामला सामने आया है। जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र में घटी इस घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया जो शनिवार को सामने आया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना 25 मार्च को हुई थी।
वीडियो में एक व्यक्ति को मोबाइल पर बात कर रही महिला का पीछा करते हुए देखा गया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद वह एक सुनसान गली में उसे पकड़कर कथित रूप से छेड़छाड़ करता है और महिला द्वारा शोर मचाए जाने पर भाग जाता है।
पुलिस ने बताया कि अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन उपलब्ध फुटेज और संदिग्ध के हुलिए के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
यह घटना हाल के दिनों में सामने आए अन्य मामलों के बीच घटी है। इसके पहले एक विदेशी पर्यटक से कथित दुर्व्यवहार, ऑटो चालक द्वारा विदेशी आगंतुक से बदसलूकी और इस्कॉन रोड पर बाइक सवार दो युवकों द्वारा महिला से छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आई थीं।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस घटना को ‘शर्मनाक और असहनीय’ बताया। गहलोत ने पुलिस की कार्यप्रणाली की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि वीडियो साक्ष्य होने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज करने में देरी की जा रही है।
उन्होंने भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों का हवाला देते हुए कहा कि छेड़छाड़ एक संज्ञेय अपराध है, जिसमें पुलिस स्वतः संज्ञान लेकर प्राथमिकी दर्ज कर सकती है और बिना वारंट गिरफ्तारी कर सकती है।
गहलोत ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान अनिवार्य प्राथमिकी के नियमों से पुलिस की त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होती थी, जबकि वर्तमान सरकार निष्क्रिय बनी हुई है।
पुलिस ने कहा कि आरोपी की तलाश जारी है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
भाषा बाकोलिया नेत्रपाल संतोष
संतोष