जयपुर में एक महिला की हत्या, आरोपी फरार
जयपुर में एक महिला की हत्या, आरोपी फरार
जयपुर, 27 सितंबर (भाषा) जयपुर में 32 वर्षीय महिला की कथित तौर पर उसके ‘लिव-इन पार्टनर’ (सहजीवन साथी) ने हत्या कर दी। युवक ने शव किराए के मकान के पास मौजूद बगीचे में दफना दिया और फरार हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बिंदायका इलाके की प्रेस्टिज कॉलोनी में एक मकान के बगीचे से महिला का शव बरामद किया गया। मकान मालिक को बगीचे की मिट्टी खुदी हुई दिखाई देने के बाद घटना का पता चला।
बिंदायका थानाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश निवासी प्रवेश (22) ने करीब दो महीने पहले मकान किराए पर लिया था। उसने महिला किरण (32), जो उत्तर प्रदेश की ही रहने वाली थी, को अपनी पत्नी बताया था।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, प्रवेश ने दो-तीन दिन पहले कथित तौर पर महिला की हत्या की और रात में बगीचे में गड्ढा खोदकर शव दफना दिया। इसके बाद मकान पर ताला लगाकर फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह मकान मालिक संपत्ति देखने पहुंचा तो मकान पर ताला लगा मिला। पड़ोसियों से पूछताछ के बाद उसने बगीचे की जांच की और मिट्टी खुदी हुई देखी।
मौके की जांच करने पर एक जगह मानव हाथ दिखाई दिया, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम की मदद से शव को बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रवेश बिंदायका इलाके की एक फैक्टरी में काम करता था और उसे पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। पुलिस महिला के उत्तर प्रदेश में रहने वाले परिजनों से भी संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने बताया कि हत्या के कारण और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
भाषा बाकोलिया संतोष
संतोष

Facebook


