जयपुर में शादी से इनकार करने पर रिश्तेदार ने युवती को मारी गोली

जयपुर में शादी से इनकार करने पर रिश्तेदार ने युवती को मारी गोली

जयपुर में शादी से इनकार करने पर रिश्तेदार ने युवती को मारी गोली
Modified Date: August 27, 2026 / 11:38 pm IST
Published Date: August 27, 2026 11:38 pm IST

जयपुर, 27 अगस्त (भाषा) राजस्थान की राजधानी जयपुर के सीतापुरा इलाके में शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर 20 वर्षीय एक युवती को उसके रिश्तेदार ने कथित तौर पर गोली मार दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पिछले करीब एक साल से उस पर शादी का दबाव बना रहा था और इनकार करने पर जान से मारने की धमकी भी दे चुका था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना बुधवार रात करीब 10.30 बजे उस समय हुई जब युवती अपने किराए के फ्लैट पर अकेली थी, क्योंकि उसकी मां और भाई अपनी दुकान पर गए हुए थे।

उन्होंने बताया कि धौलपुर जिले का निवासी आरोपी आकाश मोटरसाइकिल पर हेलमेट पहनकर कथित तौर पर फ्लैट पर पहुंचा और युवती के सीने में गोली मारकर फरार हो गया।

गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी फ्लैट की ओर भागे और युवती को लहूलुहान हालत में देखा। उन्होंने तुरंत उसकी मां और भाई को सूचित किया, जो उसे एक निजी अस्पताल ले गए जहां उसका इलाज जारी है।

मूल रूप से भरतपुर जिले की रहने वाली युवती सीतापुरा इलाके में अपनी मां और भाई के साथ रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।

सांगानेर सदर के थाना प्रभारी (एसएचओ) कमलेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि यह घटना दोनों के बीच के संबंधों से जुड़ी है।

युवती की मां ने पुलिस को बताया कि आकाश पिछले करीब एक साल से उनकी बेटी पर शादी का दबाव बना रहा था और मना करने पर उसने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।

पुलिस ने कहा कि लगभग 15 दिन पहले, युवती की मां आरोपी के घर गई थी, जहां उसके परिवार ने आश्वासन दिया था कि वह उनकी बेटी को परेशान नहीं करेगा और न ही शादी के लिए दबाव डालेगा।

युवती की मां ने आरोप लगाया कि आकाश पहले भी उनके किराए के मकान पर आया था और बेटी के साथ बदसलूकी की थी, जिसके बाद इस मुद्दे को आरोपी के परिवार के सामने उठाया गया था।

पुलिस के अनुसार, युवती की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।

साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस टीम को मौके पर बुलाया गया, वहीं फ्लैट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत रवि कांत


लेखक के बारे में