जैसलमेर में जीरा चोरी की साजिश नाकाम होने पर महिला की गोली मारकर हत्या

जैसलमेर में जीरा चोरी की साजिश नाकाम होने पर महिला की गोली मारकर हत्या

जैसलमेर में जीरा चोरी की साजिश नाकाम होने पर महिला की गोली मारकर हत्या
Modified Date: April 25, 2026 / 10:11 pm IST
Published Date: April 25, 2026 10:11 pm IST

जैसलमेर, 25 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के जैसलमेर जिले में 50 वर्षीय एक महिला की उसके पड़ोसी ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, झिंझिन्याली थाना क्षेत्र के बीरे की ढाणी में 21 अप्रैल की रात यह घटना हुई। पीड़िता हत्तू देवी (50) घर पर अकेली थीं, जबकि उनके पति एक शादी समारोह में गए हुए थे।

पुलिस ने बताया कि पड़ोसी हेम सिंह (25) कथित तौर पर महिला के घर से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के जीरे के बीज चोरी करने की योजना बनाकर अवैध हथियार के साथ वहां पहुंचा था। इसी दौरान महिला ने हलचल महसूस की और कमरे की ओर गईं। पहचान हो जाने के डर से आरोपी ने खिड़की से नजदीक से गोली चला दी, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

अगली सुबह जब पीड़िता का पति घर लौटा तो उसने पत्नी का शव देखा।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी बिना चोरी किए ही वहां से फरार हो गया। घटना को लूट जैसा दिखाने के लिए उसने घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर को लगभग आठ किलोमीटर दूर छोड़ दिया और बाद में घटनास्थल पर लौटकर खुद को मददगार के रूप में पेश करने लगा।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने सबूत मिटाने की भी कोशिश की, लेकिन जांच के दौरान घर में अन्य कीमती सामान सुरक्षित मिलने और तकनीकी विश्लेषण, विशेषकर मोबाइल टावर लोकेशन, से उस पर संदेह हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने बताया कि आरोपी शराब का आदी है और कर्ज में डूबा हुआ था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है तथा वारदात में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत


लेखक के बारे में