कोल्लम (केरल), 10 मई (भाषा) केरल में एक ट्रेन में कथित उत्पीड़न से छह साल की बच्ची को बचाने में सहायता करने वाली एक महिला ने रविवार को कहा कि उसने आरोपी व्यक्ति के संदिग्ध व्यवहार का अपने मोबाइल फोन पर वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था, जिससे बाद में पुलिस को उसकी पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने में मदद मिली।
वीणा सात मई की तड़के थेनमाला के पास पलक्कड़-थूथुकुडी पलारुवी एक्सप्रेस में इस घटना चश्मदीद हैं। उन्होंने कहा कि कैसे उस व्यक्ति के व्यवहार पर संदेह होने के बाद उन्होंने हस्तक्षेप किया।
उन्होंने बताया कि यह चौंकाने वाली घटना तब घटी जब तमिलनाडु की बच्ची अपने दादा के साथ यात्रा कर रही थी और ट्रेन के डिब्बे में सो रही थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया है जो कोल्लम के अयाथिल के गांधीनगर का निवासी है।
सहयात्री वीणा ने रविवार को मीडिया को बताया, ‘‘जब मैं सो रही थी, तब उसने पहले मुझे परेशान करने की कोशिश की।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि वह व्यक्ति बाद में डिब्बे के दूसरे हिस्से की ओर बढ़ा जहां एक परिवार सो रहा था और उसने बच्ची को, जिसने चादर ओढ़ रखी, अपनी गोद में ले लिया।
वीणा ने बताया कि पहले तो उन्हें लगा कि बच्ची आरोपी की रिश्तेदार है, लेकिन आरोपी के व्यवहार को देखकर उन्हें शक हुआ और उन्होंने एक अन्य यात्री से पुष्टि की कि बच्ची का आरोपी से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उसके व्यवहार पर शक हुआ, इसलिए मैंने अपने पास बैठे यात्री से पूछा। उस सहयात्री ने कहा कि बच्ची उसकी नहीं है।’’
वीणा ने बताया कि उन्होंने सबूत के तौर पर अपने मोबाइल फोन पर वीडियो रिकॉर्ड किया और कथित तौर पर बच्चे के साथ अनुचित व्यवहार करते देख उस व्यक्ति का सामना किया।
सूत्रों ने बताया कि वीणा ने बाद में सहयात्रियों को सतर्क किया और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा
राजकुमार संतोष
संतोष