पश्चिमी दिल्ली में महिला की मौत: जांच से पता चलता है कि महिला का किसी व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग था

Ads

पश्चिमी दिल्ली में महिला की मौत: जांच से पता चलता है कि महिला का किसी व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग था

  •  
  • Publish Date - April 2, 2026 / 10:31 PM IST,
    Updated On - April 2, 2026 / 10:31 PM IST

नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) पश्चिम दिल्ली के हरि नगर इलाके में पुलिस ने जिस महिला के शव का अंतिम संस्कार करने से रुकवाया था, उसका एक व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग था और इसका परिवार वाले विरोध कर रहे थे। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे आरोप भी सामने आ रहे हैं कि उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर में कैद करके रखा गया था।

दिल्ली पुलिस ने अंतिम संस्कार किये जाने की प्रक्रिया को रुकवाकर महिला के शव को अपने कब्जे में ले लिया था।

पुलिस ने बुधवार को बताया था कि पीसीआर कॉल करने वाले व्यक्ति ने आरोप लगाया था कि महिला की उसके परिवार ने हत्या कर दी है और उसे अंतिम संस्कार के लिए हरि नगर ले जाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, दोपहर लगभग दो बजे हरि नगर थाने में कॉल प्राप्त हुई, जिसके बाद आरोपों को सत्यापित करने के लिए तुरंत एक टीम तैनात की गई।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘मौके पर पहुंचकर पुलिस ने परिवार के सदस्यों को रोका और शव को कब्जे में ले लिया।’’

उन्होंने कहा कि वे मृतक की उम्र की पुष्टि कर रहे हैं।

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भेज दिया गया।

अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि जब पीसीआर कॉल की गई, तब परिवार ने अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी थी, जिससे महिला की मौत की परिस्थितियों को लेकर संदेह पैदा हुआ।

पुलिस महिला की मौत तक की घटनाओं के क्रम को स्थापित करने के लिए उसके परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है। अधिकारी ने कहा, ‘‘हम साजिश समेत सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।’’

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुरुआती जानकारी से संकेत मिलता है कि महिला का अपने समुदाय के एक व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग था और उसका परिवार इसके खिलाफ था।

एक सूत्र ने कहा, ‘‘महिला के परिवार वालों ने उसे उस व्यक्ति के साथ देख लिया था और उसे वापस घर ले आए थे। हमें पता चला है कि उसके साथ मारपीट की गई और यहां तक कि कुछ दिनों तक घर के अंदर बंद रखा गया। हम सभी तथ्यों की जांच और पुष्टि कर रहे हैं और हम मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में हैं। हम उसकी मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार करेंगे।’’

भाषा नोमान

नोमान देवेंद्र

देवेंद्र