नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने मंगलवार को कहा कि हर महिला अपनी पसंद के कपड़े पहनने के लिए स्वतंत्र है और उसे हिजाब, घूंघट या कोई अन्य परिधान चुनने का पूरा अधिकार है।
खेड़ा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सामाजिक-राजनीतिक दृष्टिकोण से कांग्रेस महिलाओं के निर्णय लेने के अधिकार के लिए मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने कहा, ‘‘हिजाब इस्लाम का अनिवार्य हिस्सा है या नहीं, यह धार्मिक विद्वानों को तय करना है।’’
खेड़ा ने कहा कि हर महिला को, चाहे वह किसी भी जाति, वर्ग या धर्म से हो, अपनी पसंद के अनुसार पहनावा चुनने का अधिकार है।
उनका यह बयान राहुल गांधी द्वारा पुणे में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से बंदिशें तोड़ने का आह्वान किए जाने के कुछ दिनों बाद आया है।
राहुल गांधी ने बीते शनिवार को कहा था कि महिलाओं का अपना अस्तित्व है और उनकी पहचान को उनके पिता, पति या बेटों के अधीन नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने मनुस्मृति के उस नियम को ‘‘शर्मनाक’’ बताया, जिसके अनुसार महिला को जीवन के हर चरण में पुरुष रिश्तेदारों के अधीन रहना चाहिए।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने पुणे में कांग्रेस के युवा संपर्क कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत यहां की 70 करोड़ महिलाओं की ‘‘अनोखी यात्राएं, अनोखी कल्पनाएं और अनोखे सपने’’ हैं।
भाषा हक हक दिलीप
दिलीप