मानसून सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक होंगे पारित: आठवले

मानसून सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक होंगे पारित: आठवले

मानसून सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक होंगे पारित: आठवले
Modified Date: July 16, 2026 / 09:30 am IST
Published Date: July 16, 2026 9:30 am IST

हैदराबाद, 16 जुलाई (भाषा) केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने विश्वास जताया है कि संसद के आगामी मानसून सत्र में महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन विधेयक पारित हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पिछले संसद सत्र में संविधान संशोधन संबंधी इन विधेयकों को कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने पारित नहीं होने दिया था।

उन्होंने बुधवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि अब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास स्पष्ट बहुमत है। उन्होंने कहा कि आगामी सत्र में महिला आरक्षण विधेयक फिर से लाया जाएगा और 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं को आरक्षण का लाभ मिलेगा।

आठवले ने कहा, ‘‘हर 30–35 साल में परिसीमन किया जाता है। परिसीमन भी जरूरी है।’’

महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के अध्यक्ष ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना (उबाठा) के कुछ सदस्यों द्वारा राजग का समर्थन किए जाने तथा द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के कांग्रेस से अलग होने के बाद इन विधेयकों के पारित होने की संभावना बढ़ गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास दो-तिहाई बहुमत है। महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन विधेयक दोनों पारित हो जाएंगे।’’

आठवले ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों से भी इन विधेयकों के पारित होने में सहयोग देने की अपील की।

गौरतलब है कि 17 अप्रैल को संसद के विस्तारित सत्र के दौरान 2029 से विधानमंडलों में महिलाओं को आरक्षण लागू करने और लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में पारित नहीं हो सका था। विधेयक के पक्ष में 298 सांसदों ने मतदान किया था, जबकि 230 सांसदों ने इसके विरोध में वोट डाला था।

कुल 528 सांसदों ने मतदान किया था और संविधान संशोधन विधेयक पारित होने के लिए दो-तिहाई बहुमत, यानी 352 मतों की आवश्यकता थी।

भाषा गोला प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में