हिमाचल प्रदेश में नैदानिक सेवाओं के लिये प्रतीक्षा अवधि समाप्त करने के लिए काम किया जाए : सुक्खू

Ads

हिमाचल प्रदेश में नैदानिक सेवाओं के लिये प्रतीक्षा अवधि समाप्त करने के लिए काम किया जाए : सुक्खू

  •  
  • Publish Date - July 3, 2026 / 06:53 PM IST,
    Updated On - July 3, 2026 / 06:53 PM IST

शिमला, तीन जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि सीटी स्कैन, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी नैदानिक सेवाओं में प्रतीक्षा अवधि समाप्त करने की दिशा में काम किया जाए, ताकि मरीजों को समय पर और बिना परेशानी के स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आवश्यक मानव संसाधन और आधुनिक नैदानिक उपकरण उपलब्ध करा रही है और विभाग को इन आवश्यक सेवाओं में प्रतीक्षा समय समाप्त करने के लिए ठोस प्रयास करने चाहिए।

इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, चमियाना के नैदानिक विभागों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सुक्खू ने डॉक्टरों से सुझाव भी मांगे ताकि इन सेवाओं को और मजबूत किया जा सके और प्रतीक्षा अवधि को समाप्त समय के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।

सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा, पैरामेडिकल और तकनीकी स्टाफ के खाली पदों को प्राथमिकता के आधार पर भर रही है, ताकि विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें और मरीजों को उन्नत इलाज के लिए हिमाचल प्रदेश से बाहर न जाना पड़े।

आईजीएमसी के डॉक्टरों द्वारा उठाई गई मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही 256-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्रों के लिए धन की कोई कमी नहीं है और सरकार सार्वजनिक स्वास्थ्य को मजबूत करने तथा जनता की सेवा के लिए हर संभव सहयोग देगी।

भाषा रंजन माधव

माधव