दिल्ली में यमुना का जलस्तर चेतावनी स्तर के पार

दिल्ली में यमुना का जलस्तर चेतावनी स्तर के पार

दिल्ली में यमुना का जलस्तर चेतावनी स्तर के पार
Modified Date: August 17, 2025 / 09:11 pm IST
Published Date: August 17, 2025 9:11 pm IST

नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर को पार कर गया क्योंकि नदी का स्तर पुराने रेलवे पुल पर शाम 7 बजे 204.60 मीटर के निशान पर पहुंच गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली के लिए चेतावनी स्तर 204.50 मीटर है, जबकि खतरे का स्तर 205.33 मीटर है और 206 मीटर पर लोगों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाती है।

पुराना रेलवे पुल नदी के प्रवाह और संभावित बाढ़ जोखिमों की निगरानी के लिए एक प्रमुख निरीक्षण बिंदु के रूप में कार्य करता है।

अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियों को बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि पूर्वानुमान के अनुसार जलस्तर में और वृद्धि होने की आशंका है।

केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘जल स्तर में वृद्धि का मुख्य कारण वजीराबाद और हथिनीकुंड बैराजों से हर घंटे बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा जाना है।’’

बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार, हथिनीकुंड बैराज से इस सीजन का सबसे अधिक मात्रा में लगभग 1,27,030 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि वजीराबाद से हर घंटे 45,620 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

बैराजों से छोड़ा गया पानी आमतौर पर 48 से 50 घंटे में दिल्ली पहुंचता है।

भाषा अमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में