वीडियो के जरिए गुजरात के मुख्यमंत्री की छवि खराब करने के मामले में युवक गिरफ्तार

Ads

वीडियो के जरिए गुजरात के मुख्यमंत्री की छवि खराब करने के मामले में युवक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 28, 2021 / 11:06 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:46 PM IST

पोरबंदर (गुजरात), 28 मई (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के हालिया भाषण के वीडियो से छेड़छाड़ कर उसके जरिए कथित तौर पर उनकी छवि खराब करने के मामले में पोरबंदर से एक 22 साल के युवक को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने शुक्रवार को इस बात की जानकारी दी।

माधवपुर पुलिस के उप-निरीक्षक ए एस अग्रावत ने बताया कि गोरसार गांव के रहने वाले विवेक परमार को भारतीय दंड संहिता की धारा 469 के तहत बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया था। विवेक पर आरोप है कि उसने मुख्यमंत्री के भाषण के वीडियो के एक हिस्से से छेड़छाड़ कर उसे यूट्यूब पर अपलोड कर दिया है, जिसके कारण रूपाणी की छवि को नुकसान पहुंचा है।

पुलिस ने बताया कि वाणिज्य विषय में स्नातक करने वाला विवेक आम तौर पर यूट्यूब और अपने फेसबुक अकांउट पर हंसी-मजाक वाले वीडियो पोस्ट किया करता है।

पुलिस ने हाल में विवेक के फेसबुक अकाउंट पर मुख्यमंत्री का एक वीडियो देखा। वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गयी थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि विवेक पर मुख्यमंत्री के भाषण के वीडियो के एक हिस्से का इस्तेमाल कर आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर साझा करने का आरोप है। विवेक पर आरोप है कि उसने मुख्यमंत्री की छवि खराब करने के उद्देश्य से यह वीडियो साझा किया है।

पुलिस ने इस मामले में विवेक के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की है।

भाषा रवि कांत नरेश

नरेश