युवा कांग्रेस ने शुरु किया ‘जेन जी का पंजा’ अभियान, युवाओं को एकजुट करने की कोशिश

Ads

युवा कांग्रेस ने शुरु किया ‘जेन जी का पंजा’ अभियान, युवाओं को एकजुट करने की कोशिश

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 07:27 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 07:27 PM IST

नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) भारतीय युवा कांग्रेस ने सोमवार को ‘जेन जी का पंजा’ अभियान की शुरुआत की, जिसका मकसद युवाओं को परीक्षाओं के प्रश्न पत्र लीक के खिलाफ आवाज़ उठाने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से जवाबदेही की मांग करने के लिए एकजुट करना है।

युवा कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस अभियान के ज़रिये ‘जेन जी’ से अपनी निराशा को लोकतांत्रिक कार्रवाई में बदलने की अपील की जा रही है।

उसने कहा, ‘‘इस अभियान के तहत युवाओं को पांच आसान तरीकों से इसमें शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रश्न पत्र लीक, बेरोज़गारी और शिक्षा की स्थिति के बारे में अपनी चिंताएं बताते हुए 60 सेकंड का वीडियो रिकॉर्ड करें, जवाबदेही की मांग करते हुए हाथ से लिखा हुआ प्लेकार्ड बनाएं और ‘हैशटैग सैक प्रधान’ का इस्तेमाल करके सोशल मीडिया पर उसकी फ़ोटो या वीडियो पोस्ट करें, जवाबदेही के लिए भाजपा सांसदों, विधायकों और मंत्रियों से मिलें और शांतिपूर्ण तरीके से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग करें।’’

युवा कांग्रेस ने कहा, ‘‘युवाओं से अपील है कि वे भाजपा के कार्यक्रमों, जनसभाओं, रेलवे स्टेशनों, हवाई अड्डों और अन्य सार्वजनिक जगहों पर भाजपा से कड़े सवाल करें और सोशल मीडिया पर भाजपा नेताओं को टैग करें और पूछें कि क्या आप छात्रों के साथ हैं या धर्मेंद्र प्रधान के साथ?’’

युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभानु चिब ने कहा, ‘‘13 मई से भारतीय युवा कांग्रेस छात्रों के लिए सड़कों पर लड़ रही है और जवाबदेही की मांग कर रही है। हमने पूरे भारत के 50 से ज़्यादा शहरों में बड़े विरोध प्रदर्शन किए हैं। ज़िला मुख्यालयों से लेकर राज्य की राजधानियों तक, युवाओं ने न्याय की मांग के लिए अपनी आवाज़ उठाई है और आगे भी उठाएंगे।’’

भाषा हक

हक दिलीप

दिलीप